पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्र को नकल करते पकड़ने के बाद बढ़ा विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मुकदमे
देहरादून। राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में परीक्षा के दौरान छात्र को कथित रूप से नकल करते पकड़े जाने के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस विभाग तक पहुंच गया है। मामले में शिक्षकों और कॉलेज स्टाफ के साथ मारपीट व अभद्रता के आरोपों के बीच पुलिस दूरसंचार शाखा में तैनात उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार चार जून को पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित परीक्षा के दौरान एक छात्र को कथित रूप से नकल करते हुए पकड़ा गया था। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने नियमानुसार कार्रवाई की। इसके बाद मामला विवाद का रूप ले बैठा।
आरोप है कि अगले दिन छात्र के पिता उपनिरीक्षक महेश कंडवाल अपने परिजनों के साथ कॉलेज पहुंचे और वहां मौजूद शिक्षकों तथा कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इस घटना से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंची।
वहीं दूसरी ओर महेश कंडवाल ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान उनके बेटे के साथ कुछ शिक्षकों ने मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और उसे धमकाया। उनकी शिकायत के आधार पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
इधर कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से भी उपनिरीक्षक और उनके पुत्र के खिलाफ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

