‘हर-हर गंगे… जय श्रीकृष्ण’ की गूंज बनी जीवन की डोर, छह दिन बाद जंगल में भजन गाते मिली लापता युवती

Spread the love

रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के रानीखेत के सुंदरखाल जंगल से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। छह दिन से लापता 28 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती जब मिली तो वह घने जंगल के बीच नदी किनारे बैठकर “हर-हर गंगे”, “जय श्रीकृष्ण” और “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए भजन गा रही थी। उसकी आवाज ही उसकी तलाश कर रहे लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन गई।

बताया गया कि एक जुलाई की शाम युवती अपने पिता के साथ जंगल की ओर गई थी। लौटते समय वह पीछे रह गई और फिर लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी और वन विभाग ने संयुक्त अभियान शुरू किया। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, ड्रोन उड़ाए गए और डॉग स्क्वॉड की मदद से कई दिनों तक जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।

छठे दिन शाम को बाजार से लौट रही कुछ महिलाओं को जंगल के भीतर नदी की ओर से भजन और धार्मिक उद्घोष सुनाई दिए। महिलाओं ने आवाज की दिशा में देखा तो वहां वही लापता युवती दिखाई दी। उन्होंने तुरंत गांव और पुलिस को सूचना दी।

रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्ट्रेचर पर करीब छह किलोमीटर पैदल लाकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

युवती ने बताया कि जंगल में रहने के दौरान उसने मीठे स्वाद वाले पत्ते चबाकर भूख मिटाई और प्राकृतिक जलस्रोत का पानी पीकर प्यास बुझाई। नंगे पैर लगातार चलने से उसके पैरों में छाले पड़ गए थे और शरीर पर खरोंचें भी थीं।

लगातार बारिश, दुर्गम जंगल और जंगली जानवरों की मौजूदगी के बावजूद युवती का सुरक्षित मिलना स्थानीय लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। वहीं, छह दिनों तक बिना हार माने तलाश अभियान चलाने वाली पुलिस और बचाव दल की भी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।