देहरादून/नैनीताल/उधम सिंह नगर/टिहरी। उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 9 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
नैनीताल जिले में जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं देहरादून और उधम सिंह नगर में भी सभी शिक्षण संस्थानों को अवकाश के आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर टिहरी जिले के कद्दूखाल क्षेत्र में भारी बारिश के बीच भूस्खलन की घटना सामने आई। मलबा गिरने से एक पुरानी खाली इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के दो रेस्तरां, सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और मजदूरों के शेल्टर पहले ही खाली करा दिए गए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश के दौरान कमजोर और जर्जर भवनों में रहने से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें भी प्रभावित हुई हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


