अल्मोड़ा। सल्ट तहसील के महरौली क्षेत्र के निकट शुक्रवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में डंपर चालक की जान चली गई। मौलेखाल से रुडोली की ओर जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया।
मृतक चालक की पहचान रमेश चंद्र रेखाड़ी के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल देवायल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

