बदरीनाथ-केदारनाथ में वीआईपी दर्शन के लिए अब देना होगा 1100 रुपये शुल्क

Spread the love

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रोटोकॉल श्रेणी के तहत आने वाले अतिथियों को विशेष दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये सहयोग राशि जमा करनी होगी।

चारधाम यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है और दोनों प्रमुख धामों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच विभिन्न राज्यों से आने वाले कई लोग वीआईपी सिफारिशों के आधार पर सीधे मंदिर परिसर में प्रवेश का प्रयास कर रहे थे, जिससे सामान्य श्रद्धालुओं की कतारों और व्यवस्था पर असर पड़ रहा था।

स्थिति को नियंत्रित करने और आम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से बीकेटीसी ने अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में संशोधन किया है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब प्रोटोकॉल श्रेणी के अतिथियों को दर्शन की अनुमति देने से पहले प्रति व्यक्ति 1100 रुपये की सहयोग राशि जमा करनी होगी। राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूची के आधार पर दर्शन पर्ची जारी की जाएगी।

इसके अलावा, प्रोटोकॉल कार्यालय को मंदिर परिसर से हटाकर नीलकंठ विश्राम गृह में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

समिति का मानना है कि इस व्यवस्था से मंदिर परिसर में अनावश्यक भीड़ कम होगी और कतार में खड़े श्रद्धालुओं को कम समय में दर्शन का अवसर मिलेगा। साथ ही वीआईपी दर्शन प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रोटोकॉल श्रेणी के दर्शन को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि प्राथमिकता सामान्य श्रद्धालुओं को सुगम और समयबद्ध दर्शन उपलब्ध कराने की है, ताकि यात्रा व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके।