‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में हंगामा, मंत्री देशराज कर्णवाल और ग्रामीणों के बीच विवाद

Spread the love

रुड़की/हरिद्वार। हरिद्वार जिले के झबरेडी खुर्द गांव में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और कुछ ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेडी खुर्द गांव में बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल फोन पर एक राजनीतिक दल से संबंधित वीडियो और गीत तेज आवाज में चलाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इससे कार्यक्रम के दौरान व्यवधान उत्पन्न हुआ और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंत्री देशराज कर्णवाल हाथ में ईंट लिए कुछ लोगों की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी वैजयंती माला भी मौके पर मौजूद थीं और कुछ युवकों के साथ बहस करती नजर आ रही हैं।

आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री और उनके समर्थकों ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि युवक केवल अपने मोबाइल पर वीडियो चला रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ा। दूसरी ओर, मंत्री देशराज कर्णवाल ने आरोप लगाया कि युवक कार्यक्रम में व्यवधान डाल रहा था, नारेबाजी कर रहा था और समझाने पर अभद्रता पर उतर आया।

वैजयंती माला ने भी कुछ युवकों पर अभद्र व्यवहार करने तथा उनके साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीच-बचाव करने आए चालक के साथ भी मारपीट की गई।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।