
दो जिलों में अलग-अलग जगहों से लापता हुए दो लोगों की तलाश शनिवार को ऐसे मोड़ पर खत्म हुई, जिसने परिवारों को झकझोर दिया। एक का शव देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के जंगल में मिला तो दूसरे की लाश टिहरी में सड़क से कुछ दूरी पर घास में पड़ी मिली। दोनों मामलों में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला देहरादून का है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला निवासी 40 वर्षीय मदन शुक्रवार से लापता था। बिहार मूल का मदन यहां पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था। उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। आसपास के इलाके में खोजबीन चलती रही, लेकिन शनिवार को डालफिन कॉलेज के पास जंगल में दरेड़ नदी के किनारे उसका शव मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी के अनुसार, मदन के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं और गले के आसपास भी चोट के निशान पाए गए हैं। मौत कैसे हुई और वारदात में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की संभावना समेत सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
दूसरी घटना टिहरी जिले की है। उत्तरकाशी के नागणी चिन्यालीसौड़ निवासी 30 वर्षीय विपिन 29 सितंबर से लापता था। उसकी गुमशुदगी दो अक्टूबर को धरासू थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शनिवार को उसका शव टिहरी के छाम थाना क्षेत्र में नगुण-सुवाखोली मोटरमार्ग पर विकोल के पास सड़क से कुछ दूरी पर घास में मिला।
विपिन की मौत की सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई है। परिजनों ने विपिन की हत्या की आशंका जताई है।




