चेन लूटने का विरोध पड़ा भारी, पेचकस से हमला कर बुजुर्ग दंपती और घरेलू सहायिका की हत्या, भागते आरोपी को लोगों ने दबोचा

Spread the love

देहरादून के रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक घर में हुई वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में मौजूद बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका पर एक व्यक्ति ने पेचकस से हमला कर दिया। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को आसपास के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मकान नंबर 16 में 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला मौजूद थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी दोपहर करीब तीन बजे घर में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने रजनी कपूर के गले से चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध होने पर उसने पेचकस से उन पर हमला कर दिया।

रजनी की चीख सुनकर शीला वहां पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद रमेश कपूर को भी निशाना बनाया गया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घर से चीख-पुकार सुनाई देने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आते देख आरोपी वहां से भागने लगा। उसने पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसियों ने अपने वाहनों से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूट के अलावा वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।