57 उप निरीक्षकों की निरीक्षक के पद पर पदोन्नति

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में 57 उप निरीक्षकों को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नति दी गई है।
पुलिस महानिदेशक मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत यह पदोन्नति प्रक्रिया चयन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत की गई है, जिसे उत्तराखंड पुलिस उपनिरीक्षक एवं निरीक्षक सेवा नियमावली 2018 और उसके 2024 के संशोधित प्रावधानों के आधार पर अमल में लाया गया। इस पदोन्नति के लिए विभागीय चयन समिति की संस्तुति के बाद आदेश पारित किए गए हैं। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में उत्तरकाशी, नैनीताल, हरिद्वार, देहरादून, अल्मोड़ा, चमोली, टिहरी, पौड़ी, ऊधमसिंहनगर, चम्पावत, रुद्रप्रयाग, जीआरपी, साइबर थाना और पुलिस मुख्यालय के अधिकारी शामिल हैं।
महिला उपनिरीक्षक पुनीता बलोदी और प्रियंका भारद्वाज को भी निरीक्षक के रूप में पदोन्नत किया गया है, जिससे महिला शक्ति को नई जिम्मेदारी मिली है। यह पदोन्नति फिलहाल उच्च न्यायालय नैनीताल व लोक सेवा अधिकरण में लंबित याचिकाओं के अंतिम निर्णयों के अधीन होगी। साथ ही, सभी पदोन्नत निरीक्षकों को नियमानुसार दो वर्षों की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाएगा। यदि इस अवधि के दौरान उनके कार्य प्रदर्शन व आचरण संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो उन्हें मूल पद पर प्रत्यावर्तित किया जा सकता है या सेवा समाप्त की जा सकती है। नए निरीक्षकों की स्थायी नियुक्ति उन्हीं को दी जाएगी जिन्होंने विहित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया हो, जिनका कार्य संतोषजनक हो और जिनकी सत्यनिष्ठा प्रमाणित हो। इस आदेश पर पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत द्वारा हस्ताक्षर किए गए हैं।