हल्द्वानी। हल्द्वानी के गौजाजाली क्षेत्र से 15 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक अज्ञात युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, एक जुलाई की सुबह छात्रा के पिता उसे तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के गेट तक छोड़कर आए थे। दोपहर में छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने पहुंचे तो पता चला कि वह स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर छात्रा एक युवक के साथ नीले रंग की स्कूटी पर जाती दिखाई दी। परिजनों का कहना है कि छात्रा घर से अपनी मां के सोने के चार कड़े, दो हार, एक चेन, दो जोड़ी झुमके, छह अंगूठियां, करीब 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी साथ ले गई है।
परिजनों ने युवक पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है और जल्द से जल्द छात्रा की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्रा और युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा भी पुलिस ने किया है।


