बीएसएफ जवान ने पत्नी को भेजी लोकेशन, फिर खुला होमस्टे में हत्या का राज

Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून के मियांवाला क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में बुधवार को प्रेम संबंध का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। बीएसएफ जवान परमेन्द्र नेगी (38) ने अपनी पत्नी को फोन कर लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका आरती बिष्ट (40) की हत्या कर दी है तथा स्वयं भी विषाक्त पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर होमस्टे पहुंची तो कमरे में आरती बिष्ट मृत मिलीं, जबकि परमेन्द्र नेगी अचेत अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाद में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार परमेन्द्र नेगी मूल रूप से मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन के रहने वाले हैं और बीएसएफ में तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनके और गूलरघाटी, नकरौंदा निवासी आरती बिष्ट के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले दो दिनों से मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे में ठहरे हुए थे।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब परमेन्द्र नेगी की पत्नी के पास उनका फोन आया। पुलिस के मुताबिक जवान ने अपनी पत्नी को अपनी वर्तमान लोकेशन भेजी और कहा कि उसने आरती की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहर खा लिया है। पत्नी ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होमस्टे के कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर आरती बिष्ट मृत अवस्था में मिलीं, जबकि परमेन्द्र नेगी बेसुध पड़े थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी और परमेन्द्र नेगी के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध की जानकारी परमेन्द्र के परिवार को भी थी। उनके अनुसार परमेन्द्र की पत्नी लगातार आरती पर संबंध खत्म करने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते परमेन्द्र नेगी ने आरती को विषाक्त पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी विषाक्त पदार्थ खा लिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर के आधार पर परमेन्द्र नेगी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परमेन्द्र नेगी फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।