तीन साल तक लगाते रहे गुहार, नहीं चेता प्रशासन, संपर्क मार्ग पर हादसे में डंपर चालक घायल

Spread the love

हल्द्वानी। तीन साल तक जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई जाती रही, लेकिन संपर्क मार्ग पर भूमि कटाव से पैदा हुए खतरे को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब इसी स्थान पर हादसा होने के बाद शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामला हल्द्वानी के हल्दीखाल वार्ड नंबर 37 में गोधाम के सामने स्थित संपर्क मार्ग का है, जहां बरसाती नाले के कटाव से रास्ता क्षतिग्रस्त होकर दुर्घटना की आशंका वाला स्थल बन गया था। रविवार को यहां एक लोडेड डंपर हादसे का शिकार हो गया, जिसमें चालक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अर्धसैनिक संगठन के संयोजक लोकमनी जोशी के अनुसार, बरसाती नाले के कारण संपर्क मार्ग पर हुए भूमि कटाव की समस्या को लेकर पिछले तीन वर्षों से लगातार आवाज उठाई जा रही थी। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट और क्षेत्रीय विधायक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

जोशी का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त मार्ग की सुध ली गई होती और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो संभव है कि इस हादसे को टाला जा सकता था। हादसे के बाद उन्होंने उम्मीद जताई कि अब प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेगा और मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।।