इतना बड़ा नाम, लेकिन मंच पर लाइव गायकी पर उठे सवाल, मंत्री सुबोध उनियाल ने बीच कार्यक्रम में रोका

Spread the love

टिहरी गढ़वाल जिले की नरेंद्रनगर तहसील में प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में एक विवाद खड़ा हो गया। जब गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान बैकग्राउंड साउंड ट्रैक को लेकर दर्शकों ने नाराजगी जताई। मामला बढ़ा तो कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर गायक के सामने ही आपत्ति दर्ज कराई। मंत्री की इस दखल के बाद कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

दलेर मेहंदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। शुरुआत में एक-दो गीतों के बाद प्रस्तुति में रिकॉर्डेड आवाज के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे। दर्शकों की अपेक्षा अपने पसंदीदा गायक को लाइव सुनने की थी। इसी को लेकर पंडाल में नाराजगी दिखाई देने लगी। मंत्री सुबोध उनियाल ने भी इस पर असंतोष जताते हुए कहा कि जनता कलाकारों को सुनने के लिए आती है और प्रस्तुति उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप होनी चाहिए।

विवाद के बीच मेला समिति की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम में पहले गायिका सुनंदा शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित थी, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनका कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इसके बाद कम समय में दलेर मेहंदी से संपर्क कर कार्यक्रम तय किया गया। दलेर मेहंदी ने भी अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहते हुए बैकग्राउंड ट्रैक के इस्तेमाल का कारण बताया।

मंच पर हुई इस घटना के बाद पुलिस और आयोजकों ने स्थिति संभाली। बाद में कार्यक्रम आगे बढ़ा और दर्शकों ने संगीत का आनंद लिया। हालांकि, इस घटनाक्रम ने सांस्कृतिक आयोजनों में कलाकारों की प्रस्तुति, दर्शकों की अपेक्षाओं और आयोजकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए।