बागेश्वर। कपकोट तहसील क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कपकोट पुलिस ने बांसे गांव निवासी कवींद्र राम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को 17 वर्षीय किशोरी को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लाया गया था। यहां किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के दौरान अस्पताल प्रबंधन को किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी मिली। इसके बाद सीएचसी प्रबंधन ने मामले की सूचना कपकोट थाना पुलिस को दी।
अगले दिन प्रसव के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार और निगरानी के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया। फिलहाल किशोरी और नवजात दोनों चिकित्सकों की निगरानी में बताए जा रहे हैं।
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बांसे निवासी कवींद्र राम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसपी बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने बताया कि सीएचसी कपकोट से नाबालिग के प्रसव की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की जांच के बाद कवींद्र राम निवासी बांसे के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



