पिथौरागढ़: पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन काटी, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Spread the love

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात नेपाल सीमा से सटे अस्कोट थाना क्षेत्र के द्वालीसेरा गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गांव में एक शादी समारोह आयोजित था, जिसमें भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ शामिल हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद पति-पत्नी घर लौट आए, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि उसने खौफनाक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद भुवन प्रसाद ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से गीता देवी पर हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भनक तब लगी जब पड़ोसियों ने घर से चीख-पुकार की आवाज सुनी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो गीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी समारोह में हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई। हालांकि, हत्या के पीछे के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस नृशंस घटना ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि शादी की खुशियों को भी मातम में बदल दिया। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।