एमबीपीजी में मतदान के बीच सुरक्षा कड़ी, अध्यक्ष पद के तीन दावेदारों पर टिकी नजर

Spread the love

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में होने के कारण चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय बना हुआ है। कॉलेज में सुबह से ही मतदान के लिए छात्र-छात्राओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। कॉलेज प्रशासन के अनुसार सुबह 11:30 बजे तक करीब दस प्रतिशत छात्र मतदान कर चुके थे।

इस बार अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच मुकाबला है। प्रत्याशियों और समर्थकों की सक्रियता के बीच कॉलेज परिसर में पुलिस की मौजूदगी भी लगातार बनी हुई है। करीब 12 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के मतदान में शामिल होने की संभावना है। मतदान दोपहर दो बजे तक कराया जाएगा।

मतदान के दौरान कॉलेज के बाहर मारपीट को लेकर भी मामला सामने आया। एबीवीपी प्रत्याशी की ओर से एक बाहरी छात्र के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर सक्रियता बढ़ाई। घटना को लेकर पुलिस स्तर से स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

चुनाव से पहले एक व्यक्ति हिरासत में

चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने देवेंद्र बिष्ट को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए एहतियाती कार्रवाई की गई है।

चुनाव को देखते हुए कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। तिकोनिया से सौरभ होटल तक के हिस्से को जीरो जोन में रखा गया है। यहां पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कराई जाएगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार देर रात तक परिणाम सामने आने की संभावना है।