हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि उनकी माता इंदिरा हृदयेश की चौथी पुण्य तिथि पर पूरे प्रदेश से शिक्षक, व्यापारी, मीडिया कर्मी और राजनेता पहुंचेगे। 13 जून को सौरभ होटल में शाम 5:00 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
बुधवार को सौरभ होटल में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि इंदिरा हृदयेश 2024 के विधानसभा चुनाव में जीवित होती तो प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का बनना तय था। उन्होंने कहा कि उनकी मौत का असर विधानसभा चुनाव पर पड़ा था। कहा इंदिरा हृदयेश ने कभी भी भेदभावपूर्ण और दलगत राजनीति नहीं की। उन्होंने हमेशा सबको साथ लेकर चलने का काम किया। चाहे वह सत्ता पक्ष हो या विपक्ष। लेकिन अब स्थिती ऐसी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रशासन बेलगाम हो चुका है। वर्तमान में प्रशासन भाजपा नेताओं और विधायकों की बात नहीं मान रहा, तो आम जनता का क्या होगा। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि काठगोदाम की मलिन बस्तियों के लोगों को डराकर उनके मकान तुड़वा दिए। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि किसी का घर तोड़कर राज्य का विकास नहीं हो सकता।
सुमित ने कहा कि 200 करोड़ रुपयों से बने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया, वह इंदिरा हृदयेश ड्रीम प्रोजेक्ट था। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में सड़कों और चौराहों के नाम बदलें जा रहे हैं। काठगोदाम से मुखानी नहर कवरिंग की योजना इंदिरा हृदयेश की थी। उन्होंने बताया कि पार्षद रवि जोशी ने इस नहर कवरिंग सड़क का नाम इंदिरा हृदयेश के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव नगर निगम में रखा था, जो कि आज तक पूरा नहीं हो पाया है। विधायक ने कहा कि उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने जनता से श्रद्धांजलि सभा में आने की अपील की है।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, मंजू सांगुड़ी, शैलेन्द्र दानू, ललित पंवार सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद
