ट्रेन में हुई दोस्ती, होटल में रात गुजारी… सुबह खुला राज; चार पर्यटकों को कमरे में बंद कर मोबाइल-नकदी और चांदी की चेन ले उड़ा युवक

Spread the love

नैनीताल। कैंची धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे चार पर्यटकों के साथ ऐसा वाकया हुआ, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। सफर के दौरान ट्रेन में एक युवक से हुई दोस्ती नैनीताल पहुंचते-पहुंचते इतनी गहरी हो गई कि वह उनके साथ ही होटल के कमरे तक पहुंच गया। रात में चारों पर्यटकों के सोने के बाद युवक कथित तौर पर उनका सामान लेकर फरार हो गया और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

शामली के हसनपुरी निवासी शिवम कुमार अपने दोस्तों मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ कैंची धाम घूमने आ रहे थे। मुरादाबाद के पास ट्रेन में उनकी मुलाकात एक युवक से हुई। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम दीपक बताया और खुद भी कैंची धाम दर्शन के लिए जाने की बात कही।

बातचीत का सिलसिला दोस्ती में बदला और काठगोदाम पहुंचने के बाद पांचों साथ में नैनीताल आ गए। यहां सभी ने एक कमरा किराये पर लिया। अगले दिन कैंची धाम जाने की योजना बनाकर चारों पर्यटक सो गए।

रात करीब एक बजे मौका पाकर युवक कमरे से निकल गया। आरोप है कि वह चारों पर्यटकों के मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे करीब 3,500 रुपये, बैग में रखी 10 हजार रुपये की नकदी और चांदी की चेन लेकर फरार हो गया। जाते समय उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।

सुबह जब पर्यटकों की नींद खुली तो दरवाजा बाहर से बंद देखकर उनके होश उड़ गए। होटल कर्मियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, लेकिन तब तक उनके साथ आया युवक गायब हो चुका था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।

मामले में पर्यटकों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल हरपाल सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।