अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार सल्ट ब्लॉक की खुमाड़ ग्रामसभा में गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
वहीं, घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण भी इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

