रुद्रपुर में मतांतरण मामले की जांच तेज, मोबाइल से मिले फोटो-वीडियो और लेनदेन के सबूत

Spread the love

हल्द्वानी/रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के चर्चित मतांतरण मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियों को मुख्य आरोपी के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर अब पूरे नेटवर्क और गतिविधियों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मोबाइल में कथित प्रार्थना सभाओं से जुड़े फोटो और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग, पैसों के लेनदेन से संबंधित स्क्रीनशॉट और लोगों को प्रभावित करने से जुड़ी सामग्री भी सामने आई है। पुलिस ने सभी डिजिटल डाटा को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और थारू समाज के लोगों को सहायता, इलाज, शिक्षा और अन्य सुविधाओं का भरोसा देकर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। स्थानीय स्तर पर शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग गांव-गांव जाकर संपर्क साधते थे और छोटे समूहों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाती थीं। मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गतिविधियां कितने समय से संचालित हो रही थीं।
एसएसपी ने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।