
रुद्रपुर के गांधी पार्क के पास युवक पर तलवार और डंडों से हमले के मामले में भाजपा नेता के पुत्र समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस कार्रवाई के साथ राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है। मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। ऐसे में रुद्रपुर की घटना को लेकर भाजपा संगठन के रुख पर भी नजर है।
कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मामले में नामजद पवन शर्मा और सुमित चौधरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार सुमित के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, भदईपुरा निवासी आकाश यादव ने छह सितंबर को गांधी पार्क के पास उसके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि स्कार्पियो सवार युवकों ने उसे घेरकर तलवार और डंडों से हमला किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और सूचना के आधार पर दोनों को बागवाला फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।
अब इस मामले में भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण हो गई है। सवाल यह है कि पार्टी आरोपी बताए जा रहे भाजपा नेता के पुत्र के मामले को किस तरह देखती है और क्या संगठन स्तर पर इस संबंध में कोई जानकारी या कार्रवाई की जाएगी। खासकर तब, जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कुमाऊं दौरा प्रस्तावित है।




