उत्तराखंड के ऋषिकेश से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शराब पीने से रोकने पर एक बेटे ने अपनी ही मां को तमंचे से गोली मार दी। गोली महिला के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। घायल महिला का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है और पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे आमबाग विस्थापित कॉलोनी, ऋषिकेश में हुई। यहां रहने वाला 32 वर्षीय सुमित गौड़ अपनी मां उषा देवी के साथ रहता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुमित लंबे समय से शराब का आदी है और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था।
बताया जा रहा है कि रविवार रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा। मां ने जब उसे शराब पीने को लेकर टोका और समझाने का प्रयास किया तो वह गुस्से से बेकाबू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अवैध तमंचा निकालकर अपनी मां पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सिर में जा लगी।
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर की ओर दौड़े। लोगों ने घायल महिला को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उषा देवी को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित गौड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अविवाहित है और लंबे समय से शराब की लत के कारण परिवार में विवाद करता रहता था। फिलहाल पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।


