नैनीताल में होटल की बालकनी से 20 फीट नीचे गिरा तीन वर्षीय मासूम, दिल्ली ले जाते समय मौत

Spread the love

नैनीताल की खूबसूरत वादियों में छुट्टियां मनाने आए एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। होटल की बालकनी में खेल रहे तीन वर्षीय मासूम का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले नैनीताल, फिर हल्द्वानी और बाद में दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के रानापुर क्षेत्र निवासी विशाल सोनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे। परिवार भवाली रोड स्थित जोखिया क्षेत्र के एक होटल में ठहरा हुआ था। रविवार सुबह बच्चे कमरे के बाहर बालकनी में खेल रहे थे। इसी दौरान तीन वर्षीय गौरांत का संतुलन बिगड़ गया और वह बालकनी से नीचे गिर पड़ा।

हादसे के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बच्चे को बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हल्द्वानी में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके सिर और गर्दन में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि की। हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।