खटीमा। खेत में धान की पौध लगा रहे मजदूर पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। चिकित्सालय में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने मृतक के घाव से वन्यजीव की लार और बाल के डीएनए सैंपल लिए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह पांच बजे खटीमा के जादोपुर में गुरुद्वारा के प्रधान जसवंत सिंह के खेत में मजदूर धान की पौध लगा रहे थे। इस दौरान पीलीभीत के बीसलपुर तहसील के खनका ग्राम निवासी 45 वर्षीय मजूदर जितेन्द्र सिंह पुत्र विश्राम कुछ दूरी पर शौच के लिए गया था। तभी एक वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया। वह जितेन्द्र को खींचकर नदी की ओर ले गया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों के शोर मचाते हुए उसके पीछे भागे। जिसके बाद वन्य जीव जितेन्द्र को छोड़कर भाग गया।
प्रधान जसवंत सिंह उसे चिकित्सालय ले गये, जहां डॉक्टरों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां से वन्य जीव के पदचिह्न और बाल के सैंपल लिए हैं। मृतक के घाव से वन्यजीव का सलाइवा (लार) लिया गया है। सलाइवा और बाल डीएनएन जांच के लिए हैदराबाद और पदचिह्न वाइल्ड लाइफ को भेजे जाएंगे।
डीएफओ हिमांशु बागरी ने बताया कि वन्यजीव के बारे में कुछ निश्चित नहीं हाे पाया है। जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। साथ ही हमले वाले स्थान पर ट्रैप कैमरे और पिंचजरा लगाया जाएगा। वन विभाग कर्मियों की टीम भी गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
