रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, जब दबंगों ने दो मजदूरों पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस सनसनीखेज घटना में दोनों मजदूर बाल-बाल बच गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के सत्ती मोहल्ला स्थित बादशाह होटल के पास एक मकान में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी अमजद और गुलशेर रविवार (3 मई) को पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। काम के दौरान दोनों मजदूर मोबाइल फोन चला रहे थे, जिस पर साथ में काम कर रहे तेलीवाला गांव के एक युवक ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने फोन कर अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में चारों युवक वहां पहुंचे और उन्होंने मिलकर दोनों मजदूरों पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ती देख चारों आरोपी एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

