ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा के रोहतक से अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर आए एक 20 वर्षीय युवक को गंगा की तेज धारा अपने साथ बहा ले गई। घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ, पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार रोहतक निवासी शुभम अपने माता-पिता के साथ ऋषिकेश आया था। परिवार मुनिकीरेती क्षेत्र के साईं घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान युवक अचानक संतुलन खो बैठा और नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी की ओर खिंचता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को बहता देख परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की और मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन गंगा की प्रचंड धारा के आगे सभी प्रयास बेअसर साबित हुए। कुछ ही क्षणों में युवक पानी में ओझल हो गया। बेटे को अपनी आंखों के सामने बहता देख माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हालांकि गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर और तेज बहाव खोज अभियान में बड़ी चुनौती बन रहा है।
एसडीआरएफ अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है और हर संभावित स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी चिंता का माहौल देखने को मिला।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें और चेतावनी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। विशेष रूप से बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसों की आशंका अधिक रहती है।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें युवक की खोज में लगी हुई हैं, जबकि परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

