हैदराबाद से 5 करोड़ के गहने उड़ाकर नेपाल भाग रहे थे आरोपी, उत्तराखंड-यूपी पुलिस ने सीमा पर दबोचा

Spread the love

रुद्रपुर। हैदराबाद में करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी कर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं, जो नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार हैदराबाद के गच्चीबाउली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यवसायी के घर से भारी मात्रा में गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान संदेह घर में काम करने वाले नेपाली दंपति और उनके सहयोगियों पर गया। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी चोरी के आभूषणों के साथ उत्तराखंड के रास्ते नेपाल की ओर भाग रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने उधम सिंह नगर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति ने एसओजी और स्थानीय पुलिस टीमों को सक्रिय कर रुद्रपुर-बिलासपुर सीमा पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया।

बस का पीछा कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चेकिंग के दौरान पता चला कि संदिग्ध एक रोडवेज बस में सवार हैं। पुलिस टीम ने बस का पीछा किया और उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र में उसे रुकवाया। तलाशी के दौरान दो महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया गया। उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने और हीरे के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी हैदराबाद से करीब 1700 किलोमीटर का सफर तय कर रुद्रपुर तक पहुंच चुके थे और नेपाल सीमा की ओर बढ़ रहे थे। यदि समय रहते पुलिस को सूचना नहीं मिलती तो आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर सकते थे, जिससे उनकी गिरफ्तारी और बरामदगी की प्रक्रिया काफी जटिल हो जाती।

एक माह पहले रखे गए थे काम पर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यवसायी ने करीब एक माह पहले नेपाली दंपति को घरेलू कामकाज के लिए नियुक्त किया था। हाल ही में परिवार के बाहर जाने के दौरान घर में रखे कीमती गहने गायब हो गए। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।

फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी के आभूषणों को नेपाल ले जाकर कहां खपाने की योजना थी। मामले में तेलंगाना पुलिस भी आगे की कार्रवाई कर रही है और जल्द विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।