बैडमिंटन कोर्ट पर टैक्स बार की बाजी, मैत्री मुकाबले में आयकर विभाग को दी मात

Spread the love

हल्द्वानी। मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में सोमवार को हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन और आयकर विभाग के बीच आयोजित मैत्री बैडमिंटन प्रतियोगिता में टैक्स बार एसोसिएशन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और शानदार खेल भावना का परिचय दिया गया।

फाइनल मुकाबला आयकर विभाग की ओर से एनएस जंगपांगी और टीएस पंचपाल तथा टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से संजय पांडे और सूरज नेगी के बीच खेला गया। रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले फाइनल में टैक्स बार एसोसिएशन की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

मैच के दौरान जीत-हार से इतर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आपसी सौहार्द और खेल भावना की मिसाल पेश की। इस मैत्रीपूर्ण आयोजन ने टैक्स बार एसोसिएशन और आयकर विभाग के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत किया।

इस अवसर पर हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश पांडे, सचिव महेंद्र सिंह बिष्ट, मीडिया प्रभारी सुनील पाठक सहित एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे मैत्रीपूर्ण खेल आयोजनों को जारी रखने की बात कही।