सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहू का सास पर अत्याचार, वीडियो वायरल

सास के साथ मारपीट करती बहू।

Spread the love

गाजियाबाद। सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहू ने मकान और गहनों की लालच में अपनी सास की पिटाई कर दी। इस दौरान बहू की मां भी मौजूद थी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित सास तहरीर दर्ज कराने के लिए कई दिनों तक पुलिस के चक्कर काटती रहीं। पीड़ित का आरोप है कि बहू का पिता दरोगा है, जिसके कारण पुलिस मामले को नजरअंदाज कर रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित बहू और उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
     उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद के कविनगर थाना इलाके के गोविंदपुरम में सतपाल सिंह अपनी पत्नी सुदेशना के साथ अपने घर में रहते हैं। वह सेंट्रल स्कूल दिल्ली से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। सतपाल सिंह का बेटा अंतरिक्ष गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। अंतरिक्ष की शादी आकांक्षा के साथ 24 दिसंबर 2022 को शादी हुई थी। आकांक्षा भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत है। वह कुछ दिनों से वर्क फ्रॉम होम कर रही है। सतपाल सिंह ने बताया कि बहू दिन रात तरह-तरह की बातों को लेकर कलह करती है। बताया कि वह मकान पर कब्जे और गहने को लेकर भी उनसे विवाद करती है। वह पहले भी ऐसा कर चुकी है। उन्होंने बताया कि विगत 1 जुलाई को भी सुदेशना और आकांक्षा के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान उसने उनकी पत्नी को बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा। आकांक्षा और उसकी मां ने सास को दौड़ा-दौड़ा कर और गिरा-गिराकर मारा। इस दौरान सास खुद को बचाने की कोशिश कर रही। मारपीटकी यह घटना का वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
     पीड़ित सास का आरोप है कि घटना के बाद वह कई दिनों तक पुलिस के चक्कर काटती रहीं, लेकिन कोई तहरीर दर्ज नहीं की। उन्होंने बताया कि आकांक्षा के पिता दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं, जिसके चलते स्थानीय पुलिस पर दबाव बना और केस को नजरअंदाज किया गया। सीसीटीवी फुटेज के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस ने गोविंदपुरम थाने में आकांक्षा और उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से बुलंदशहर निवासी सतपाल सिंह की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो गई है।