नैनीताल के शांत गांव में मचा बवाल! युवतियों से छेड़छाड़ के आरोप पर भड़के ग्रामीण, दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

Spread the love

नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक के सतौली गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरादाबाद क्षेत्र से यूपी-19 एस-6086 नंबर की कार में सवार कुछ युवकों पर गांव की युवतियों से छेड़छाड़ और फब्तियां कसने के आरोप लगे। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, कार सवार युवक गांव में पहुंचने के बाद रास्ते से गुजर रही युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे। युवतियों ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि युवक नहीं माने। इसके बाद युवतियों ने मामले की जानकारी ग्राम प्रधान मीरा भंडारी और गांव के अन्य लोगों को दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर कार सवार युवक भागने लगे। इस दौरान दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए, जबकि उनके अन्य साथी मौके से निकल गए। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उनके चेहरे पर कालिख पोत दी गई और बिच्छू घास भी लगाई गई। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों और यूपी-19 एस-6086 नंबर की कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी ली।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपी क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम करने के लिए आए थे और उनका पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था। इस बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने मांग की कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों का अनिवार्य सत्यापन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

मामले में चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि दोनों युवकों और कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों का मेडिकल कराया जा रहा है और तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।