गरमपानी/नैनीताल। केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले जयपुर के चार दोस्तों का सफर उस समय मातम में बदल गया, जब रामगढ़ क्षेत्र में नदी में नहाने उतरे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ ने युवक का शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार जयपुर के चार दोस्त कैंची धाम में दर्शन करने के बाद केदारनाथ के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में रामगढ़ क्षेत्र स्थित जल विद्युत परियोजना के पास पहुंचने पर 21 वर्षीय प्रिंस बागौरिया ने नदी में नहाने की इच्छा जताई। इसके बाद चारों युवक पानी में उतर गए। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोज अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गहराई में चट्टानों के बीच फंसा युवक का शव बाहर निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक के साथ आए दोस्तों ने बताया कि सभी ने हाल ही में 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और आगे कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे थे। उधर, पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है और यहां पहले भी लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी जाती रही है। इसके बावजूद कई पर्यटक जोखिम उठाकर पानी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे सामने आते हैं।



