4 जुलाई को सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनेंगे धामी, प्रदेशभर में मनाया जाएगा सेवा सप्ताह

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 जुलाई को राज्य के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं। इस दिन उनका कार्यकाल पूर्व मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी के रिकॉर्ड से आगे निकल जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार 4 से 10 जुलाई तक “सेवा सप्ताह” आयोजित करेगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी भी प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए इस उपलब्धि का उत्सव मनाएगी।

अब तक उत्तराखंड में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड एन.डी. तिवारी के नाम था, जिन्होंने मार्च 2002 से मार्च 2007 तक कुल 1831 दिनों तक पद संभाला। जुलाई 2021 में मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी का कार्यकाल 4 जुलाई 2026 को इसी अवधि को पार कर जाएगा। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भी उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिससे उनका कार्यकाल लगातार जारी है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सेवा सप्ताह के आयोजन के लिए सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सप्ताह के दौरान रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, बुनियादी ढांचा, उद्योग, कृषि, महिला एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही चिकित्सा शिविर, दिव्यांग सहायता शिविर, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल, मैराथन, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्ष पूरे होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसे देखते हुए प्रदेशभर में एक सप्ताह तक जनसंपर्क और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg