भारी बारिश के अलर्ट से रुकी केदारनाथ यात्रा, श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया

Spread the love

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा को एहतियातन रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश और तेज आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

मौसम विभाग द्वारा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर आगे बढ़ रहे श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए।

प्रशासन ने सभी सेक्टर अधिकारियों, पुलिस, SDRF, NDRF और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भूस्खलन, सड़क अवरोध या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।

 यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा को दोबारा सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन लगातार मौसम की निगरानी कर रहा है।