अखिलेश यादव कीबटी अदिति यादव को लेकर वायरल पोस्ट पर विवाद, कानपुर साइबर थाने में तीन लोग नामजद

Spread the love

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट के बाद कानपुर में साइबर क्राइम थाना सक्रिय हो गया है। मामले में शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, 9 जून को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि अदिति यादव विदेश में पढ़ाई कर रही हैं और वह एक विदेशी युवक के साथ बड़ी धनराशि लेकर फरार हो गई हैं। पोस्ट में उनके बारे में कई अन्य व्यक्तिगत और आपराधिक प्रकृति के आरोप भी लगाए गए थे। इसके साथ एक तस्वीर भी साझा की गई, जिसे शिकायतकर्ताओं ने एडिटेड और भ्रामक बताया है।

शिकायतकर्ता प्रवीण यादव का आरोप है कि वायरल सामग्री में किए गए दावे पूरी तरह निराधार हैं और उनका उद्देश्य अदिति यादव की छवि को नुकसान पहुंचाना था। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया तथा लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई।

मामले में भारत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच कर रही है।

साइबर क्राइम थाना अब यह पता लगाने में जुटा है कि वायरल पोस्ट सबसे पहले किस अकाउंट से साझा की गई, उसके पीछे कौन लोग थे और सामग्री किस स्रोत से तैयार की गई। जांच के तहत सोशल मीडिया अकाउंट्स, डिजिटल डिवाइस, आईपी एड्रेस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फॉरेंसिक पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल पोस्ट में किए गए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्ट में किए गए आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सामग्री किस उद्देश्य से प्रसारित की गई थी और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार थे।