आधी रात जंगल में गूंजी गोली, वनकर्मियों ने घेराबंदी कर दबोचा युवक; अवैध बंदूक और कारतूस बरामद

Spread the love

रामनगर (नैनीताल)। रात के सन्नाटे में अचानक जंगल से चली गोली की आवाज ने वन विभाग की गश्ती टीम को सतर्क कर दिया। कुछ ही देर में वनकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 12 बोर की देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और तेज रोशनी वाली चार्जर टॉर्च बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक कथित तौर पर शिकार के इरादे से जंगल में पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार, तराई पश्चिमी वन प्रभाग की आमपोखरा रेंज के उत्तरी आमपोखरा बीट के प्लॉट संख्या-32 में वनकर्मी नियमित रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान करीब एक बजे जंगल के भीतर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

काफी देर तक जंगल में तलाश करने के बाद वनकर्मियों ने एक युवक को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनीष (20 वर्ष), पुत्र बीरू चंद्र, निवासी कुंभगडार चंद्रनगर, मालधनचौड़ के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक 12 बोर की अवैध देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और चार्जर टॉर्च बरामद हुई। वन विभाग ने उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम तथा बिना अनुमति जंगल में प्रवेश कर शिकार का प्रयास करने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

वन अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय युवक शराब के नशे में भी था। बुधवार को उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेज दिया गया।

वन विभाग ने घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन किसी वन्यजीव के घायल होने या शिकार किए जाने के प्रमाण नहीं मिले। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जंगल में मौजूद था।