
रामनगर। कोसी नदी का तेज बहाव… सामने जिंदगी और मौत के बीच जूझता महज एक माह का हाथी का बच्चा। तभी उसकी मां आगे बढ़ी और कुछ ही पलों में ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने नदी किनारे मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
घटना रामनगर वन प्रभाग के रिगोंड़ा क्षेत्र की है। गुरुवार को हाथियों का झुंड कोसी नदी पार कर रहा था। झुंड में शामिल नन्हा हाथी भी मां के साथ नदी पार करने लगा। इसी दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बच्चा अपने कदम संभाल नहीं पाया और पानी के साथ बहने लगा।
बच्चे को बहता देख हथिनी तुरंत उसकी ओर बढ़ी। तेज धारा के बीच उसने अपनी सूंड से बच्चे को थाम लिया और उसे बहाव से बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद मां अपने बच्चे को सुरक्षित नदी किनारे ले आई। इसके बाद दोनों जंगल की ओर चले गए।
हाथियों के झुंड में छोटे बच्चों को आमतौर पर बीच में रखा जाता है, ताकि वे तेज बहाव या दूसरे खतरों से सुरक्षित रहें। इस घटना में भी मां ने बच्चे को बचाने के लिए जिस तरह तत्काल प्रतिक्रिया दी, वह हाथियों में पाए जाने वाले मजबूत पारिवारिक व्यवहार का उदाहरण है।




