गर्जिया मंदिर में महिला की चेन झपटी
रामनगर। परिवार के साथ गर्जिया मंदिर दर्शन को आई बाजपुर की एक महिला की सोने की चेन झपटकर दो महिलाएं भाग हो गईं। आरोपी महिलाओं ने पीड़िता की बहन की भी चेन झपटने की कोशिश की थी।
जानकारी के अनुसार ममता श्रीवास्तव पत्नी सुनील कुमार श्रीवास्तव निवासी बाजपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह परिवार के साथ गर्जिया मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। जैसे ही वह गंदिर परिसर में पहुंचीं तो पीछे से आईं दो महिलाओं ने उसके गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन लपक ली। दोनों महिलाओं ने पीड़िता की बहन शीला देवी के गले से भी सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। शीला ने एक महिला का हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों आरोपी महिलाएं हाथ छुड़ाकर भागने में सफल रहीं। रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
