दिल्ली इलाज के लिए गए बागेश्वर के मंदिर पुजारी की मौत, हापुड़ में मिला शव; क्षेत्र में शोक की लहर

Spread the love

बागेश्वर। जिले के कांडा तहसील क्षेत्र के सिमकुना गांव निवासी एवं मढ़गोपेश्वर मंदिर के पुजारी दिनेश चंद्र पांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मिलने की सूचना के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दिनेश चंद्र पांडे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचार के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान उनके निधन की खबर परिजनों तक पहुंची। बताया जा रहा है कि उनका शव हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट एक पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

दिनेश चंद्र पांडे क्षेत्र के प्रसिद्ध मढ़गोपेश्वर मंदिर में पुजारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इसके अलावा वह धार्मिक अनुष्ठानों और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही सिमकुना सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने उन्हें सरल स्वभाव और धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया।

परिवार के अनुसार, उनके पीछे वृद्ध मां, पत्नी और दो नाबालिग पुत्र हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दिवंगत पुजारी के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।