सीट छोड़ने की पेशकश से चुनावी ललकार तक… बदले हरीश धामी के तेवर, अब धामी को धारचूला से लड़ने की चुनौती

पिथौरागढ़। राजनीति में रिश्ते स्थायी नहीं होते, लेकिन उनके बदलने की कहानी कई बार किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम से ज्यादा दिलचस्प हो जाती है। धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच बदलते राजनीतिक समीकरण इसका ताजा उदाहरण हैं। कभी मुख्यमंत्री के लिए अपनी विधानसभा सीट छोड़ने की पेशकश करने वाले हरीश धामी अब उन्हें उसी धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे हैं। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में माइक बंद होने से शुरू हुआ विवाद अब दो नेताओं के बीच सीधे चुनावी मुकाबले की ललकार तक पहुंच गया है।

शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक हरीश धामी कर रहे थे। विधायक का कहना है कि उनके संगठन ने मुख्यमंत्री के विरोध का निर्णय लिया था, लेकिन मेले की परंपरा और अतिथि देवो भव की भावना को देखते हुए उन्होंने विरोध के बजाय मंच से क्षेत्र की समस्याएं उठाने का फैसला किया।

उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने अपने संबोधन में सीमांत क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। खासतौर पर फुलतड़ी में सड़क से जुड़ी घटना में आठ वर्षीय बच्चे की मौत का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सवाल किया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद जनप्रतिनिधियों के संबोधन में इसका उल्लेख क्यों नहीं हुआ।

विवाद उस समय बढ़ गया जब मुख्यमंत्री के बाद विधायक को संबोधन का अवसर मिला, लेकिन उनका माइक बंद हो गया। विधायक ने इसे अपनी और क्षेत्र की जनता के सम्मान से जोड़ते हुए नाराजगी जताई।

मंच पर तोड़फोड़ और फिर माफी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने माइक ऑपरेटर की ओर माइक फेंका, कुर्सियां पटकीं और मंच पर रखे माइक स्टैंड सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। समर्थक भी मंच पर पहुंच गए। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगे। विवाद के चलते शनिवार की सांस्कृतिक संध्या भी नहीं हो सकी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

हालांकि, इसके बाद विधायक ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने व्यवहार के लिए जनता से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि तैश में आकर उनसे कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए क्षमा मांगते हैं। लेकिन माइक बंद किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री और सरकार पर लगाए गए आरोपों से पीछे नहीं हटे।

राजनीतिक रिश्तों का यू-टर्न

एक दौर में हरीश धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी विधानसभा सीट छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं। धारचूला में तटबंध निर्माण और एलधारा ट्रीटमेंट जैसे विकास कार्यों को लेकर भी दोनों के बीच समन्वय की चर्चा रही है।

लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। विधायक ने उन्हें वर्ष 2027 में धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी है। मुख्यमंत्री में दम है तो वह धारचूला से चुनाव लड़कर दिखाएं। 

मुख्यमंत्री का पलटवार, कांग्रेस की हताशा बताया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पराजय की आशंका से कांग्रेस के नेता हताश होकर इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी घटना की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की।

RAIN WATER HARVESTING -2 A_261109_210021.jpg

Jshs.jpg

MDDA A4 ADD_261109_205954.jpg