ठाणे में सड़क पर थूकने से रोकने पर बुजुर्ग पर हमला, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सार्वजनिक स्थान पर थूकने से रोकने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमले का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार, ठाणे पश्चिम स्थित विवियाना मॉल के पास 75 वर्षीय सरोज दस्तूर अपनी पत्नी राधिका दस्तूर के साथ टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ऑटो चालक पर पड़ी, जो सड़क किनारे चेहरा धो रहा था और बार-बार थूक रहा था। बुजुर्ग दंपती ने उसे सार्वजनिक स्थान पर ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऑटो चालक निशांत शुक्ला (40) ने पहले सरोज दस्तूर को धक्का दिया और बाद में एक बड़ा पत्थर उठाकर उनके पैर पर फेंक दिया। हमले में बुजुर्ग के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जबकि घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

https://www.facebook.com/share/r/1DT3FcNtaL/

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर आरोपी की तलाश शुरू हुई और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर थूकने से रोकना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पर पत्थर फेंककर गंभीर चोट पहुंचाना बेहद गंभीर मामला है और पुलिस को कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। शिंदे ने इस मामले में हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।