रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। धामी सरकार ने त्योहार के मौके पर महिलाओं को दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। यानी 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों से सफर करने वाली महिलाओं को किराया नहीं देना होगा।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से त्योहार पर घर जाने वाली महिलाओं को यात्रा खर्च से राहत मिलेगी। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर महिलाओं के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दो दिन नहीं देना होगा किराया
शासन के निर्देश के अनुसार 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर यात्रा करने वाली महिलाओं से बस किराया नहीं लिया जाएगा। परिवहन निगम को इस व्यवस्था के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर जो अतिरिक्त आर्थिक भार आएगा, उसकी प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। यानी निशुल्क यात्रा का खर्च रोडवेज निगम को खुद वहन नहीं करना होगा।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की अपर सचिव रीना जोशी की ओर से आदेश जारी किया गया है। परिवहन विभाग ने उत्तराखंड परिवहन निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



