5-10% रिटर्न का लालच, 160 लोग फंसे, 12 करोड़ की ठगी का नया मुकदमा

Spread the love

देहरादून। ऑनलाइन ट्रेडिंग में हर महीने मोटे रिटर्न का लालच देकर करीब 160 लोगों से 12 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश कराने का मामला सामने आया है। मामले में रायपुर निवासी अनूप सिंह की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपित लविश चौधरी उर्फ नवाब अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अनूप सिंह के मुताबिक, लविश चौधरी बोटब्रो, यार्कर एफएक्स, यार्कर कैपिटल और बोट अल्फा जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को क्रिप्टो करेंसी और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के लिए जोड़ता था। निवेशकों को हर महीने करीब पांच से दस प्रतिशत तक रिटर्न देने का भरोसा दिलाया जाता था।

लोगों ने भरोसा कर बड़ी रकम निवेश कर दी, लेकिन अक्टूबर 2025 के बाद निकासी रोक दी गई। आरोप है कि इसके बाद लविश चौधरी से संपर्क भी नहीं हो पाया। अनूप सिंह ने बताया कि अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश के बाद रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

लविश चौधरी के खिलाफ इससे पहले भी रायपुर थाने में करीब 25 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मुकदमा दर्ज हो चुका है। इस मामले की जांच एसटीएफ कर रही है। खबर के मुताबिक, आरोपित के कई साल पहले विदेश चले जाने की बात भी सामने आई है। अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि 12 करोड़ रुपये की रकम कहां गई और इस कथित निवेश नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हुए हैं।