जाम ऐसा कि रेलवे फाटक भी नहीं हो पाया बंद, 30 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन!

Spread the love

ऋषिकेश में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर जाम ने ऐसा असर दिखाया कि सड़क पर फंसे वाहन रेलवे के लिए भी मुसीबत बन गए। मंशा देवी रेलवे फाटक बंद नहीं हो सका और हरिद्वार जा रही पैसेंजर ट्रेन को ट्रैक पर ही रोकना पड़ा।

ऋषिकेश में शनिवार को पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में नजर आई। सड़कों पर लगे लंबे जाम का असर मंशा देवी रेलवे फाटक तक पहुंच गया। फाटक के भीतर ही वाहनों की लंबी कतार लगी थी, ऐसे में रेलवे कर्मियों के लिए फाटक बंद करना संभव नहीं हो पा रहा था।

इसी दौरान योगनगरी से हरिद्वार की ओर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन जैसे ही मंशा देवी फाटक के करीब पहुंची, हालात को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन को फाटक से करीब 50 मीटर पहले रोक दिया।

करीब आधे घंटे तक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही। रेलवे कर्मियों और आरपीएफ जवानों ने स्थिति संभाली और फाटक के भीतर फंसे वाहनों को हटाने के बाद किसी तरह फाटक बंद कराया गया। करीब 25 से 30 मिनट बाद ट्रेन को आगे रवाना किया जा सका।

छुट्टी और वीकेंड के चलते दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचे थे। सुबह से ही श्यामपुर बाईपास, हरिद्वार रोड और तपोवन की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ता गया।

ऋषिकेश के जाम की यह तस्वीर इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि इस बार ट्रैफिक का असर सड़क से निकलकर रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया और ट्रेन को भी रास्ता साफ होने का इंतजार करना पड़ा।