शामली धर्मांतरण प्रकरण में नया मोड़: आयुष मलिक की घर वापसी, बोले- परिवार की खुशी के लिए लिया फैसला

Spread the love

शामली। उत्तर प्रदेश के चर्चित शामली धर्मांतरण मामले में सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया। इस्लाम धर्म अपनाने के बाद मोहम्मद अली नाम रखने वाले आयुष मलिक ने दोबारा सनातन धर्म स्वीकार कर लिया। घर वापसी के बाद जारी एक वीडियो में आयुष ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया था, लेकिन परिवार की भावनाओं और उनकी परेशानी को देखते हुए अब उन्होंने पुनः सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया है।

करोड़ों की संपत्ति और धर्मांतरण के आरोपों से सुर्खियों में आया था मामला

यह मामला उस समय राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था, जब आयुष मलिक के पिता एवं कारोबारी देवराज मलिक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का कथित धर्म परिवर्तन सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उनका दावा था कि प्रेम संबंध के जरिए आयुष को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया और इसके पीछे परिवार की करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा थी।

शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान फिजियोथेरेपिस्ट चांदनी कुरैशी और उनके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और बाद में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस ने जांच के दौरान कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी अपने कब्जे में लिए।

https://www.facebook.com/share/v/19BZSoQB3P/

दूसरी ओर, आयुष मलिक ने शुरुआत से ही कहा था कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया और किसी प्रकार का दबाव नहीं था। हालांकि अब घर वापसी के बाद उन्होंने कहा है कि परिवार की खुशी और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने पुनः सनातन धर्म स्वीकार कर लिया है।

आयुष की घर वापसी के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, इस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं पर पुलिस की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पहले से चल रही है।