देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले युवक को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धमकी भरे संदेश प्रसारित कर प्रदेश में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 21 जून को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस पोस्ट के बाद आम लोगों में भय का माहौल बन गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए देहरादून नगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिससे धमकी भरी पोस्ट की गई थी। पुलिस अब मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच करा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो और रील देखने के बाद उसने पुलिस को चुनौती देने और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट करने की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति या संगठन तो शामिल नहीं है। डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, धमकी या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें। ऐसी गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


