गुरुग्राम। मदद के लिए दौड़कर पहुंचे एक लिफ्ट ऑपरेटर के साथ ऐसी हैवानियत हुई जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। गुरुग्राम की एक रिहायशी सोसाइटी में लिफ्ट रुकने से नाराज कुछ युवकों ने उस कर्मचारी पर ही हमला कर दिया जो उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था। मारपीट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि घायल ऑपरेटर की एक आंख की रोशनी चली जाने का दावा किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-93 स्थित एक आवासीय सोसाइटी में 9 जून को लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई थी। अंदर मौजूद लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया तो लिफ्ट ऑपरेटर गौरव तत्काल मौके पर पहुंचा। बताया जाता है कि वह सीढ़ियों के जरिए ऊपरी मंजिल तक गया और फिर लिफ्ट के नीचे आने पर ग्राउंड फ्लोर पहुंचा ताकि फंसे लोगों की सहायता कर सके।
लेकिन जैसे ही लिफ्ट का दरवाजा खुला, अंदर मौजूद कुछ युवकों का गुस्सा ऑपरेटर पर फूट पड़ा। आरोप है कि उन्होंने गौरव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को बचाया।
आंख पर गंभीर चोट, एम्स में चल रहा इलाज
हमले में गौरव के चेहरे और आंख पर गंभीर चोटें आईं। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली के एम्स रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि चोट इतनी गंभीर है कि उसकी एक आंख की रोशनी प्रभावित हो गई है।
https://www.facebook.com/reel/1426448212577393/?mibextid=9drbnH
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा दबाव
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और आरोपी युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। कई लोगों ने सवाल उठाया है कि मदद के लिए पहुंचे कर्मचारी के साथ इस तरह की हिंसा आखिर कैसे हो सकती है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी भरत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का मानना है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

