हल्द्वानी के आनंदपुरी-महेशनगर इलाके में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को हैरानी में डाल दिया है। आमतौर पर चोर नकदी, जेवर या कीमती सामान पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन इस बार चोर का निशाना कुछ और ही था।
शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक युवक एक मकान की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ। वहां बाहर सूख रहे कपड़ों को उसने आराम से समेटा और लेकर चलता बना। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
फुटेज सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी हुए कपड़ों में महिलाओं के वस्त्र अधिक दिखाई दे रहे हैं, जिससे महिलाओं के बीच असहजता और चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति रात के समय बेखौफ होकर घरों में घुस सकता है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर भी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इस अनोखी चोरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला बता रहे हैं।
https://www.facebook.com/share/v/1Do1oSZ2fW/
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस अनोखी चोरी ने पूरे इलाके को हैरत में डाल दिया है और लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर कपड़ों को ही निशाना बनाने के पीछे चोर की मंशा क्या थी?

