सड़क पर थिरका विदेशी जोड़ा, ऋषिकेश ने तालियों से किया स्वागत

Spread the love

ऋषिकेश। योग नगरी ऋषिकेश की शांत और आध्यात्मिक फिजा में उस समय अलग ही रंग देखने को मिला, जब त्रिवेणी घाट रोड पर एक विदेशी जोड़ा अचानक सड़क किनारे संगीत की धुन पर झूमने लगा। राहगीरों की नजर जैसे ही इस जोड़े पर पड़ी, लोग कुछ पल के लिए ठहर गए और फिर मुस्कुराते हुए तालियां बजाने लगे।

विदेशी महिला और पुरुष पर्यटक का यह खूबसूरत डांस अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मंगलवार का है, जब दोनों पर्यटक ऋषिकेश घूमने निकले थे। व्यस्त सड़क पर बिना किसी शोर-शराबे और हंगामे के दोनों ने बेहद सभ्य तरीके से नृत्य किया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे पर्यटक किसी भी शहर की संस्कृति और माहौल को सम्मान देते हैं। लोगों का कहना था कि ऋषिकेश में अक्सर कुछ पर्यटकों द्वारा गंगा किनारे हुड़दंग, शराबखोरी और अशोभनीय हरकतों की शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन इस विदेशी जोड़े ने अपनी सादगी और व्यवहार से अलग मिसाल पेश की है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क से गुजर रहे लोग रुककर इस पल का आनंद लेते नजर आए। कई लोगों ने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड किया, जबकि कुछ ने तालियां बजाकर दोनों का उत्साह बढ़ाया।

ऋषिकेश आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के बीच यह वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस जोड़े की तारीफ करते हुए लिख रहे हैं कि पर्यटन का असली मतलब स्थानीय संस्कृति का सम्मान करना और खुशियां बांटना होता है।

https://www.facebook.com/share/r/1LeY4ceru9/