हल्द्वानी में 6.75 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर, मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास

Spread the love

हल्द्वानी। कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मीडिया ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाले कुमाऊँ मीडिया सेंटर का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र पत्रकारों के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को समर्पित एक आधुनिक और सशक्त मंच होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक कुमाऊँ क्षेत्र के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित किए जा सकेंगे। इससे पत्रकारों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा कार्यों में तेजी आएगी।

उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की भी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण और अन्य प्रशासनिक कार्य भी भविष्य में इसी मीडिया सेंटर से संपन्न किए जाएंगे। इससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी तथा पत्रकारों को सरकारी कार्यों में सुविधा मिलेगी।

पत्रकार कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी गई है। इसके तहत आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू है। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन भी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कुमाऊँ मीडिया सेंटर भविष्य में हल्द्वानी को क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से होने वाली पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और सरकार के लिए मार्गदर्शक है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि टनकपुर टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस के निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में अजय भट्ट सांसद अजय भट्ट, प्रदीप बत्रा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

कुमाऊँ मीडिया सेंटर का निर्माण उत्तराखंड में मीडिया अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पत्रकारों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे और प्रदेश में सशक्त एवं जवाबदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।