नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। मंगलवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की। पांच दिन के भीतर यह दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले बीते शुक्रवार को भी ईंधन की कीमतों में करीब तीन रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।
नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता और चेन्नई समेत कई शहरों में भी कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ रही है। क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है, जिससे कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए वैश्विक बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है।
ईंधन महंगा होने से अब परिवहन लागत बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। इसका असर सब्जियों, राशन, दूध और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम लोगों का घरेलू बजट और प्रभावित होने लगा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी नहीं आई तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

